

पुरानी पेंशन योजना और निजीकरण को लेकर हुई चर्चा : बीएमएस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दौरा, कर्मचारी नेताओं ने की चर्चा
इटारसी।
भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उद्योग प्रभारी एमपी सिंह अल्प प्रवास पर आयुध निर्माणी पहुंचे। शुक्रवार शाम सिंह ट्रेन द्वारा केरल के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर केन्द्रीय संगठनों के पदाधिकारियों ने उद्योगों की समस्या, कर्मचारियों के शोषण, केन्द्रीय संस्थानों में बढ़ते निजीकरण एवं पुरानी पेंशन योजना लागू कराने समेत अन्य मुद्दों पर सिंह से चर्चा की। रेलवे स्टेशन पर आयुध निर्माणी नेता कुलदीप चौधरी, अमित बाजपेयी, पोस्टल विभाग से राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेश कुमार शर्मा, परिमंडल अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, संभागीय खजांची पवन कुमार सिंह, रेल विभाग पियूष लिंगायत सहित अन्य औद्योगिक यूनियन पदाधिकारियों ने सिंह से चर्चा कर सरकारी नीतियों में सुधार की मांग की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एमपी सिंह रेलवे, आयुध निर्माणी एवं पोस्टल विभाग से संबधित कर्मचारी यूनियनों के संगठन प्रभारी हैं। सिंह ने कहा कि सरकार से लगातार बीएमएस चर्चा कर रही है, भविष्य में कर्मचारी हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा ‘ युवा प्रवर्तक ‘ के प्रधान संपादक हैं। साथ ही साहित्यिक पत्रिका ‘ मानसरोवर ‘ एवं ‘ स्वर्ण विहार ‘ के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है।
