

राष्ट्र वंदना करें आज
रंग-रंग के फूल खिले,केसरिया फूल ही न्यारा है,
राष्ट्र वंदना करें आज,हमें भारत देश ये प्यारा है।
याद करें हम वीर शिवाजी,को केसरिया बाने से,
भुजा फड़कती है,जिनकी गौरव गाथाएं गाने से।
वीर मराठा इस नाहर से,औरंगजेब भी हारा है,
राष्ट्र वंदना करें आज,हमें भारत देश ये प्यारा है।
झांसी की पहचान बनी वो लक्ष्मीबाई रानी थी,
हो स्वतंत्र यह देश हमारा जिसने मन में ठानी थी।
अंग्रेजों के लिए काल थी,होता नित जयकारा है,
राष्ट्र वंदना करें आज,हमें भारत देश ये प्यारा है।
लाखों हुए शहीद देश पर आजादी के दीवाने,
जिनके शौर्य पराक्रम के सुनते रहते हैं अफसाने।
श्रद्धा सुमन समर्पित इनको शत्-शत् नमन हमारा है,
राष्ट्र वंदना करें आज,हमें भारत देश ये प्यारा है
–सावन कुमार सिटोके
हरदा

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा ‘ युवा प्रवर्तक ‘ के प्रधान संपादक हैं। साथ ही साहित्यिक पत्रिका ‘ मानसरोवर ‘ एवं ‘ स्वर्ण विहार ‘ के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है।
