शब्द सृजन संस्थान ने मनाया काव्य मय मेरी माटी मेरा देश : दो दर्जन से अधिक रचनाकारों ने पढ़ी देशभक्ति की कविताएं

219

शब्द सृजन संस्थान ने मनाया काव्य मय मेरी माटी मेरा देश : दो दर्जन से अधिक रचनाकारों ने पढ़ी देशभक्ति की कविताएं

गाजियाबाद।।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहित्य एवं संस्कृति के लिये समर्पित शब्द सृजन संस्थान(पंजी.) ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘मेरी माटी मेरा देश’ के अंतर्गत काव्य सन्ध्या का आयोजन किया। जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली हरियाणा पश्चिमी बंगाल आदि प्रांतों के दो दर्जन से अधिक कवि कवयित्रियों ने देशभक्ति की रचनाओं से अपने वीर शहीदों, क्रांतिकारियों को याद किया।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ राजीव पाण्डेय ने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शब्द सृजन संस्थान की साहित्यिक क्रियाकलाप राष्ट्र को समर्पित होते हैं। इसी श्रृंखला में आज मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत काव्य सन्ध्या का आयोजन गाजियाबाद के सेठ मुकुन्दलाल इंटर कॉलेज में देश की वरिष्ठ कवयित्री डॉ रमा सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
डॉ रमा सिंह ने अपने गीत ग़ज़ल से काव्य सन्ध्या को शिखर पर पहुंचाते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि शब्द सृजन संस्थान आज वैश्विक स्तर पर साहित्य के प्रचार प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इनके कर्मठ पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।

कोलकाता से पधारे साहित्य त्रिवेणी पत्रिका के सम्पादक डॉ कुँवर वीर सिंह मार्तण्ड इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। जिनके गीत नवगीत सुनकर श्रोता झूम उठे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में नोयडा से विख्यात हास्य व्यंग्य के कवि बाबा कानपुरी ने हास्य व्यंग्य की धारा प्रवाहित की , सृजन साहित्यिक मंच के संस्थापक प्रमोद मिश्र निर्मल ने श्रृंगार के गीतों में सराबोर कर दिया। वहीं देश के बड़े शायर मासूम गाजियाबादी ने अपनी गज़लों से झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस अवसर पर शब्द सृजन संस्थान के महासचिव ओंकार त्रिपाठी, सचिव ब्रज माहिर, कोषाध्यक्ष गार्गी कौशिक हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रचना गोयल, दिल्ली प्रदेश की महासचिव सीमा पटेल एवं विशिष्ट सहयोगी निवेदिता शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।
इस काव्य सन्ध्या में एटा से प्रोफेसर डॉ राकेश सक्सेना, नोयडा से विनय विक्रम सिंह ‘मनकही’, प्रेम सागर शर्मा ‘प्रेम’ नेहा वैद, गाजियाबाद से डॉ जयप्रकाश मिश्र, मोहन द्विवेदी, अनिमेष शर्मा, राजीव सिंघल, बी एल बत्रा ‘अमित्र’, जे सी वर्मा ‘अनन्त’, दीपक मिश्रा ‘दीप’, नेहा गौरवी एवं दिल्ली से जगदीश मीणा , सीमा पटेल ने अपनी रचनाओं से काव्य सन्ध्या को शीर्ष पर पहुंचाया। इस अवसर पर मधू शर्मा ,अलंकार शर्मा, अतुल गोयल, रज्जन, गोपाल आदि की उल्लेखनीय उपस्थित रही।
संस्था के पदाधिकारियों का तिरंगा पटका पहनाकर एवं भारत के अशोक चक्र विजेता ग्रन्थ भेंट कर सभी कवियों का स्वागत किया।

गोष्ठी का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। निवेदिता शर्मा ने सरस्वती वंदना का पाठ किया, कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष डॉ राजीव पाण्डेय, कोषाध्यक्ष गार्गी कौशिक ने संयुक्त रूप से किया।धन्यवाद ज्ञापन महासचिव ओंकार त्रिपाठी ने किया।

प्रेषक
डॉ राजीव पाण्डेय
संस्थापक अध्यक्ष

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here