
चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर का रजत महोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया
खंडवा।
नगर में दिगंबर जैन समाज के छह मंदिर हैं जहां श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन कर पूजा अर्चना करते हैं। सबसे प्राचीन मंदिर सराफा में पाश्र्वनाथ जैन मंदिर के नाम से है जिसे सवा सौ साल हो चुके हैं। वहीं सेठी नगर में आज से 25 वर्ष पूर्व चंद्रप्रभु जैन मंदिर का निर्माण सामाजिक बंधुओं एवं सेठी परिवार द्वारा किया गया था। प्रतिवर्ष मंदिर का स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया जाता है। समाज के सचिव सुनील जैन ने बताया कि सेठी नगर स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत महोत्सव हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। बुधवार को मंदिर जी में विश्व शांति की भावना से मूलनायक श्री चंद्रप्रभु भगवान की महाशांति धारा एवं मंडल विधान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री चंद्रप्रभु भगवान की महाशांति धारा करने का सौभाग्य विजय सेठी परिवार एवं शांतिनाथ प्रभु की शांति धारा करने का सौभाग्य सुरेशचंद जैन नवकार नगर को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्रकाशचंद सेठी, रमेशचंद सेठी, विजय सेठी, संतोष सेठी, दीपक सेठी, सतीश काला, अरुण हरसोला, पंकज जैन महल एवं समस्त सेठी नगर महिला मंडल व खंडवा समाज के सभी साधर्मी बंधुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ लिया।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा ‘ युवा प्रवर्तक ‘ के प्रधान संपादक हैं। साथ ही साहित्यिक पत्रिका ‘ मानसरोवर ‘ एवं ‘ स्वर्ण विहार ‘ के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है।