
अजब गजब खबर
किशोर कुमार के बंगले वाले नल में 60 साल से पानी की बूंद नहीं आई, टैक्स लाखों का भरा!
खंडवा।
नगर निगम की कार्यप्रणाली से सब वाकिफ हैं। क्या ऐसा हो सकता है कि 60 साल से जिस घर में ताला डला हो, उसका जलकर वसूलने के लिए निगम बेताब हो। जी हां, ख्यात गायक और हरफनमौला किशोर कुमार का बंगला 60 साल से ज्यादा समय से बंद है। हमेशा इसका संपत्ति कर और जल कर भरा जाता रहा है। यहां तैनात मुहर्रिर भी जल करवा संपत्ति कर वसूलते रहे हैं। किसी ने यहां के चौकीदार को सलाह नहीं दी की 275 की रसीद कटवाकर नल कनेक्शन डिस्कनेक्ट करवा दिया जाए किशोर कुमार का परिवार रुपहली दुनिया ने मशगूल रहा और टैक्स पर टैक्स बढ़ता गया। वर्षो से मकान की चौकीदारी कर रहे सीताराम सावनेर ने जब जल व संपत्ति कर जमा करवाया तब उन्होंने देखा कि बिना जल प्रदाय किए वर्षो से जलकर लिया जा रहा है तो उन्होंने किशोर प्रशंसक समाजसेवी सुनील जैन से चर्चा की और जमा किए हुए टैक्स की रसीदें बताई। सुनील जैन द्वारा नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि नियमानुसार जब तक उपभोक्ता नल कनेक्शन कटवाने का आवेदन देकर 275 शुल्क रूपए जमा नहीं करवाते तब तक जलकर उपभोक्ता से लिया जाता रहेगा। सुनील जैन ने तत्काल सीताराम से निगम में जमा जलकर की रसीद एवं आवेदन लेकर निगम में 275 रूपए भरवाकर इस कनेक्शन को कटवाने का प्रयास किया है। जिस नल में 60 साल से पानी की एक बूंद नहीं आई हो और लगातार जलकर जमा किया जा रहा था। अगले माह से किशोरदा के बंगले का जलकर का बिल निगम द्वारा नहीं दिया जाएगा।

This Page Copy Form https://yuvapravartak.com/